वर्धा/चन्दौली@उड़ान इंडियाः महाराष्ट्र में मंगलवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। एक पुल से कार के गिरने की वजह से 7 मेडिकल छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई है। ये सभी वर्घा के संघाली मेडिकल कॉलेज के छात्र थे जो दवेली से महाराष्ट्र के वर्धा जिले में जा रहे थे। मरने वाले विद्यार्थियों में ज्यादातर 20 से 35 साल के लोग बताए जा रहे हैं। घायलों को वर्धा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। फिलहाल सभी शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। 40 फुट गहरी खाई में छात्रों की कार आधी रात को गिर गई थी जिसकी वजह से यह बड़ा हादसा हुआ। हादसे में मरने वाले मेडिकल छात्रों में चन्दौली के शुभम के अलावा बीजेपी विधायक का पुत्र भी शामिल है। पीएम नरेंद्र मोदी ने छात्रों के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
जानकारी के मुताबिक़ उत्तर प्रदेश जनपद के चन्दौली के मुगलसराय के प्रसिद्ध चिकित्सक एवं मुगलसराय हॉस्पिटल के प्रबंधक डा. राजकुमार गुप्ता के छोटे पुत्र शुभम गुप्ता 32 की भी इस दर्दनाक हादसे में मौत हो गयी। शुभम भी अपने मित्रों के साथ दुर्घटनाग्रस्त कार में सवार था। नगर के प्रसिद्ध चिकित्सक के पुत्र की हादसे में मौक की खबर सुनते ही जहां परिजनों पर गमों का पहाड़ टूट पड़ तो वहीं नगर में भी शोक की लहर दौड़ गयी। इस हृदयविदारक हादसे की खबर मिलते ही डा. राजकुमार भी वर्धा के लिए रवाना हो गये हैं।
बताते चलें कि मुगलसराय के अलीनगर निवासी शुभम तीन भाइयों में सबसे छोटा था। सबसे बड़े भाई की कुछ वर्ष पूर्व नदी में डूबने से मौत हो चुकी है। जबकि मझला भाई भी चिकित्सक है।