पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने अपने ट्वीट में लिखा कि गोमतीनगर सीओ ने गोरखपुर जाने से मना किया, बातचीत जारी है। 4/6 रेल विहार कॉलोनी, गोमतीनगर में पुलिस घेरे में हूं। आगे की बात बताऊंगा। अरेस्ट संभव है। दूसरे पक्ष में डर बहुत ज्यादा है। उन्होंने दूसरे ट्वीट में लिखा, 'विनयपूर्वक खेद प्रकट कर रहा हूं कि पुलिस के आदेशों से 21 की गोरखपुर व 22 की अयोध्या यात्रा निरस्त। मेरे प्रति वर्ग विशेष, महिलाओं में भारी आक्रोश है! हाउस अरेस्ट। जल्द फिर कार्यक्रम बनाऊंगा। साथियों से ह्रदय से क्षमायाचना। योगीजी एक अदने आदमी से इतना डर ? यह डर हमारी जीत है।'
बता दें कि अमिताभ ठाकुर ने सीएम योगी के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। उन्हें गोरखपुर जाने से रोकने पर पुलिस ने भी वजह सामने रखी है। पुलिस का कहना है कि उन पर रेप आरोपी का साथ देने का आरोप है, जिसकी जांच चल रही हे। कमेटी ने जांच के लिए इन्हें तलब किया है। वह क्षेत्र जो आरोपी, पीड़िता या घटनास्थल से जुड़ा हुआ हो, वहां जाने से रोका गया, लेकिन इन्होंने प्रतिबंध का उलंघन किया।
राजभर बोले- अमिताभ ठाकुर हमारे साथ आ जाएं
वाराणसी में पत्रकारों से बात करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अमिताभ ठाकुर हमारी पार्टी जॉइन कर सकते हैं। उन्हें खुला निमंत्रण है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान करने वाले राजभर ने कहा कि अगर अमिताभ ठाकुर हमारे साथ आएंगे तो 2022 में आने वाला चुनाव लड़ाकर उन्हें विधानसभा भेज देंगे। इसके साथ ही उन्होंने योगी सरकार पर भी जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वे अपने विरोधियों को इसी तरह परेशान करते हैं।

