उड़ान इंडिया@चन्दौलीः फ़रियादी महिला को ‘सांप’ का उदाहरण देकर महिला को रास्ता बदलने की नसीहत देते हुए वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर पॉपुलर हुए यूपी पुलिस के बड़बोले इंस्पेक्टर के खि़लाफ़ सख़्त कार्रवाई करने की आवाज़ बुलन्द करते हुए समाजवादी पार्टी चन्दौली के कद्दवार नेता एवं पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू ने योगी सरकार पर भी हमला बोला है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि कानून व्यवस्था का दंभ भरने वाले योगी बाबा ने अधिकारियों को बेलगाम छोड़ दिया है।
पूर्व विधायक मनोज सिंह ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में लूट, हत्या, बलात्कार और महिलाओं पर अत्याचार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि एक वायरल वीडियो में महिला दरोगा से सुरक्षा की गुहार लगा रही है मगर दरोगा जी उसे रास्ता बदल कर चलने की सलाह देते नज़र आ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया है कि क्या महिलाओं को उत्तर प्रदेश में इज़्ज़त से जीने का अधिकार नहीं है? पूर्व विधायक ने चेतावनी दी है कि सोमवार को 12ः30 बजे तक उक्त दरोगा के खि़लाफ़ कार्यवाही नहीं होती है तो समाजवादी पार्टी जन आंदोलन को बाध्य होगी।
ये है वायरल हो रहे वीडियो की दास्तान
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में इंस्पेक्टर महिला फरियादी से कह रहे हैं कि अगर उस रास्ते में बदमाश हैं तो आप रास्ता बदल कर आया जाया कीजिए। इस पर महिला फरियादी कहती है कि कितनी बार रास्ता बदलें। इंस्पेक्टर ने उदाहरण देते हुए कहा कि मान लीजिए, किसी रास्ते पर जा रहे हैं, उधर सांप बैठा है तो कभी इधर चले जाइए... कभी उधर चले जाइए। हम जिस रास्ते पर खतरा महसूस कर रहे हैं तो थोड़ा सा दाएं बाएं हो जाएं... तभी तो जान बचेगी।
महिला जब बदमाशों पर कार्रवाई की बात करती है तो इंस्पेक्टर कहते हैं कि आप आवेदन दे दीजिए कार्रवाई करेंगे। वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने वीडियो को ट्वीट कर कहा, धन्य है, पुलिस! उन्होंने चंदौली पुलिस, यूपी पुलिस और एडीजी जोन वाराणसी से कार्रवाई की मांग की है।
link : https://twitter.com/Amitabhthakur/status/1426852218888548360?s=20
